मुरैना। कांग्रेस की तिरंगा यात्रा के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। कांग्रेस शहर अध्यक्ष गजेंद्र जाटव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकालकर तिरंगा यात्रा की। इस दौरान कई बाइक सवार बिना हेलमेट नजर आए, जबकि कुछ बाइकों पर तीन-तीन लोग सवार होकर चलते दिखाई दिए।
बाइकें लहराते हुए निकलीं, सड़क पर बने जाम जैसे हालात
तिरंगा यात्रा के दौरान कुछ बाइक सवार सड़क पर इधर-उधर बाइक चलाते नजर आए। इससे यातायात प्रभावित हुआ और सड़क पर जाम जैसे हालात भी बनते दिखाई दिए। वीडियो में कई कार्यकर्ता बिना हेलमेट और यातायात नियमों का पालन किए बिना बाइक चलाते नजर आ रहे हैं।
देशभक्ति के संदेश के साथ अनुशासन पर भी सवाल
लोगों का कहना है कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश देना होता है। ऐसे में यात्रा के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी होने से आयोजन के अनुशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।अब सवाल यह है कि तिरंगा यात्रा के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले बाइक सवारों पर जिम्मेदार अधिकारी कोई कार्रवाई करते हैं या नहीं?