मुरैना। जिले में बुधवार को दर्दनाक हादसा सामने आया। ककोरा तोड़कर घर लौट रहे दो युवक स्टॉप डैम पार करते समय आसन-सांक नदी के तेज बहाव में बह गए। एक युवक का पैर फिसलने के बाद उसे बचाने की कोशिश में उसका साथी भी नदी में जा गिरा। दोनों युवक पानी में समा गए और खबर लिखे जाने तक उनका कोई सुराग नहीं लग सका।

स्टॉप डैम पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार ग्वालियर से तीन दोस्त बाइक पर सवार होकर हुराई मंदिर के पास आसन-सांक नदी के संगम पर ककोरा तोड़ने पहुंचे थे। अशोक पुत्र बप्पा खान (30) और इरशाद पुत्र सलामत खान (25), निवासी कुंवरपुरा, थाना महाराजपुरा, जिला ग्वालियर, ककोरा तोड़ने के लिए स्टॉप डैम पार कर नदी के दूसरी ओर चले गए। ककोरा तोड़ने के बाद दोनों वापस लौट रहे थे। इसी दौरान स्टॉप डैम पर अशोक का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में नदी में जा गिरा। उसे बचाने के लिए इरशाद ने अपनी साफी डालकर बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन पानी के तेज बहाव के झटके से इरशाद भी नदी में गिर गया। देखते ही देखते दोनों युवक पानी में समा गए।
SDRF टीम ने शुरू किया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही माताबसैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। टीम ने नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दोनों युवकों की तलाश शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक दोनों का कोई पता नहीं चल सका था। रेस्क्यू टीम लगातार नदी में तलाश कर रही है।