23 प्रकरण दर्ज, 126 लीटर देशी-विदेशी शराब जब्त; 10 आदतन अपराधियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
मुरैना। पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीना के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब की तस्करी, निर्माण, भंडारण और क्रय-विक्रय के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 9 सितंबर 2026 को विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 23 प्रकरण दर्ज किए गए और 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कुल 126 लीटर अवैध देशी-विदेशी शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 61,990 रुपये बताई गई है। इसमें 115 लीटर देशी और 11 लीटर विदेशी शराब शामिल है।

16 थाना क्षेत्रों में कार्रवाई
मुरैना पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में प्रकरण दर्ज किए। इनमें अम्बाह में 5, सिविल लाइन में 2, कैलारस में 2 और रामपुर में 2 प्रकरण दर्ज किए गए। इसके अलावा कोतवाली, स्टेशन रोड, दिमनी, सिहोनियां, पोरसा, नगरा, महुआ, बामौर, नूराबाद, जौरा, बागचीनी और चिन्नौनी थाना क्षेत्रों में एक-एक प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने सभी संबंधित आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के प्रावधानों के तहत पृथक-पृथक आपराधिक प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
10 आदतन अपराधियों पर भी कार्रवाई
अवैध शराब के कारोबार में पूर्व से लिप्त आदतन अपराधियों के खिलाफ भी पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। 9 सितंबर 2026 को कुल 10 आदतन अपराधियों के विरुद्ध धारा 129 BNSS तथा धारा 126 और 135(3) BNSS के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध शराब से जुड़ी गतिविधियों की पुनरावृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
लगातार जारी रहेगी चेकिंग और पेट्रोलिंग
अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा अवैध शराब का निर्माण, परिवहन और विक्रय करने वाले संभावित व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। जिले के प्रमुख मार्गों, संवेदनशील क्षेत्रों और अवैध शराब की संभावना वाले स्थानों पर लगातार चेकिंग एवं पेट्रोलिंग की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार प्रभावी एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस ने आमजन से की अपील
मुरैना पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब का निर्माण, विक्रय, भंडारण अथवा परिवहन किए जाने की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस के अनुसार, प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी और सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।