मुरैना में कांग्रेस पर गरजे सिंधिया, बोले- 60 साल के शासन में न बिजली, न पानी, न सड़क; भाजपा सरकार ने बहाई विकास की गंगा

मुरैना। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुरैना दौरे के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए भाजपा सरकार की विकास योजनाओं और क्षेत्र में चल रही बड़ी परियोजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश पर करीब 60 साल शासन किया, लेकिन उसके शासनकाल में बिजली, पानी और सड़कों जैसी बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में अपेक्षित विकास नहीं हुआ। सिंधिया ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार देश और प्रदेश में विकास की दिशा में तेजी से काम कर रही है।

सिंधिया ने मुरैना-ग्वालियर क्षेत्र के लिए चंबल और कोतवाल डैम से जुड़ी जल परियोजना का जिक्र करते हुए इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि चंबल से वाटर प्रोजेक्ट के जरिए क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई की समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।

21 किलोमीटर पाइपलाइन से ग्वालियर पहुंचेगा पानी

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि चंबल और कोतवाल डैम से करीब 21 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन के माध्यम से 150 एमएलडी पानी ग्वालियर पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का काम प्रगति पर है और इसे मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सिंधिया के मुताबिक, इस परियोजना से पेयजल व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही कृषि क्षेत्र को भी फायदा होगा। उन्होंने दावा किया कि परियोजना से करीब साढ़े पांच लाख हेक्टेयर कृषि भूमि की सिंचाई को लाभ मिल सकेगा।

आगरा-ग्वालियर एक्सप्रेस-वे का भी किया जिक्र

सिंधिया ने क्षेत्र में प्रस्तावित आगरा-ग्वालियर एक्सप्रेस-वे को भी बड़ी विकास परियोजना बताया। उन्होंने कहा कि करीब 5,200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह एक्सप्रेस-वे ग्वालियर और आगरा के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर करेगा। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस-वे बनने के बाद ग्वालियर से आगरा का सफर करीब 50 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। सिंधिया ने इसे क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग और उम्मीद से जोड़ते हुए परियोजना की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का आभार जताया।

मुरैना, भिंड, ग्वालियर और श्योपुर भी प्राथमिकता में

जनता का अभिनंदन करते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि जनता का आशीर्वाद उन्हें लगातार ऊर्जा देता है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता केवल गुना-शिवपुरी क्षेत्र का विकास नहीं है, बल्कि मुरैना, ग्वालियर, भिंड और श्योपुर के विकास पर भी उनका विशेष ध्यान है। उन्होंने कहा कि भिंड, मुरैना और ग्वालियर से उनका पारिवारिक नाता रहा है और वे राजमाता द्वारा दिखाए गए रास्ते पर चलने के लिए समर्पित हैं।

विकास परियोजनाओं को लेकर चर्चा तेज

केंद्रीय मंत्री के बयान के बाद मुरैना और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल, सिंचाई और सड़क कनेक्टिविटी से जुड़ी बड़ी परियोजनाएं एक बार फिर चर्चा में हैं। चंबल-कोतवाल डैम जल परियोजना और आगरा-ग्वालियर एक्सप्रेस-वे को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण परियोजनाओं के रूप में देखा जा रहा है।

error: Content is protected !!