मुरैना। शहर में पुरानी रंजिश को लेकर घर के बाहर हवाई फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के उत्तमपुरा की बताई जा रही है। आरोप है कि एक युवक अपने साथी के साथ रात के समय जितेंद्र टैगोर के घर पहुंचा और दरवाजे के बाहर पिस्टल से हवाई फायरिंग की। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, स्टेशन रोड निवासी जितेंद्र टैगोर का कुछ दिन पहले राहुल पिप्पल से विवाद हुआ था। फरियादी की ओर से आरोप लगाया गया है कि विवाद के बाद राहुल पिप्पल और उसके साथी ऋषभ पारा ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते रात करीब 10 बजे राहुल पिप्पल अपने साथी के साथ जितेंद्र टैगोर के घर पहुंचा। यहां घर के बाहर खड़े होकर पिस्टल से हवाई फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। अचानक हुई फायरिंग से आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
फायरिंग का VIDEO सामने आने के बाद पुलिस हरकत में
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घर के बाहर फायरिंग किए जाने का घटनाक्रम दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में पहुंचा, जिसके बाद स्टेशन रोड थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।पुलिस वीडियो फुटेज के साथ ही फरियादी द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के दौरान मौके पर कौन-कौन लोग मौजूद थे और फायरिंग में इस्तेमाल हथियार के संबंध में क्या तथ्य सामने आते हैं।

पुलिस जांच के बाद होगी कार्रवाई
फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।