मुरैना में दिनदहाड़े किसान से भैंस लूटने की कोशिश, 8-10 नकाबपोश बदमाशों ने लाठी-डंडों से किया हमला

मुरैना सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह दिनदहाड़े एक किसान के साथ मारपीट कर उसकी भैंस लूटने की कोशिश का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि 8 से 10 नकाबपोश बदमाशों ने किसान को रास्ते में घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला करते हुए उसकी भैंस को जबरन ले जाने का प्रयास किया। किसान के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद बदमाश भैंस को छोड़कर फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, निवी गांव निवासी किसान नवाब सिंह कुशवाह सोमवार सुबह अपनी भैंस को गाभिन कराने के लिए बाजार लेकर आए थे। काम पूरा होने के बाद वह भैंस को लेकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान दाऊजी मंदिर के पास अचानक 8 से 10 नकाबपोश बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया।आरोप है कि बदमाशों ने किसान के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी और उसकी भैंस को अपने कब्जे में लेकर वहां से ले जाने का प्रयास किया। अचानक हुए हमले से किसान घबरा गया और उसने मदद के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। किसान की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके की तरफ दौड़े। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख बदमाश घबरा गए और मौके से भाग निकले। इस दौरान बदमाश भैंस को वहीं छोड़ गए, जिससे किसान की भैंस बच गई।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई। दिनदहाड़े हुई इस घटना को लेकर ग्रामीणों में भी नाराजगी देखी गई। लोगों ने क्षेत्र में इस तरह की वारदातों पर चिंता जताई है।

मामले की सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटाने के साथ ही हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि भैंस लूटने की कोशिश के पीछे क्या वजह थी और वारदात में शामिल बदमाश कौन थे।फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

error: Content is protected !!