मुरैना। जिले के रिठौरा खुर्द गांव में पुरानी रंजिश के चलते 45 वर्षीय अतर सिंह गुर्जर उर्फ लल्ला की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चंबल नदी किनारे भैंस चराने गए अतर सिंह पर सात लोगों ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अतर सिंह ने ग्वालियर ले जाते समय नूराबाद के पास दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

भतीजे के साथ भैंस चराने गया था अतर सिंह
जानकारी के अनुसार, रविवार 11 अक्टूबर को रिठौरा खुर्द निवासी अतर सिंह गुर्जर अपने भतीजे के साथ चंबल नदी किनारे भैंस चराने गया था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते आरोपी वहां पहुंचे। आरोप है कि पहले गाली-गलौज हुई और विरोध करने पर आरोपियों ने अतर सिंह पर लाठियों से हमला कर दिया। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन घायल अतर सिंह को रात में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया, लेकिन ग्वालियर पहुंचने से पहले ही नूराबाद के पास उसकी मौत हो गई।
सात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
मामले में एदल गुर्जर, शिवराम गुर्जर, सोनू गुर्जर, रामदास गुर्जर, धर्मेंद्र गुर्जर, आकाश गुर्जर और भूपेंद्र गुर्जर को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने सातों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पोस्टमार्टम के बाद घटनास्थल पर जांच करेगी पुलिस
सरायछोला थाना प्रभारी एसआई केके सिंह के अनुसार, घटना की सूचना देर रात मिली थी। सोमवार को मृतक का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच करेगी और अन्य साक्ष्य जुटाएगी। प्रारंभिक जानकारी में दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। सभी नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।