मुरैना में ड्यूटी के दौरान दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने आरक्षक ओमप्रकाश तिवारी को कुचला, मौत; 12 किमी पीछा कर चालक गिरफ्तार

मुरैना। नेशनल हाईवे-44 पर बुधवार देर शाम वाहन चेकिंग के दौरान एक दर्दनाक हादसे में पुलिस आरक्षक ओमप्रकाश तिवारी की जान चली गई। ड्यूटी के दौरान बाइक सवार को रुकने का इशारा कर रहे आरक्षक को तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने टक्कर मारते हुए कुचल दिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस टीम उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां से गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

आरक्षक ओमप्रकाश तिवारी सिविल लाइन थाने में पदस्थ थे। घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। हादसे के बाद मौके से भागे लोडिंग वाहन चालक को पुलिस ने करीब 12 किलोमीटर तक पीछा कर नूराबाद के पास वाहन सहित पकड़ लिया। वाहन में सब्जी भरी हुई थी।

बाइक सवार को रोकने के लिए दे रहे थे इशारा, तभी हुआ हादसा

सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान यादव के अनुसार, बुधवार देर शाम वह पुलिस टीम के साथ आरोपियों के घर दबिश देकर लौटे थे। इसके बाद पुलिस टीम रोजाना की तरह नेशनल हाईवे-44 पर वाहन चेकिंग करने लगी। टीम में आरक्षक ओमप्रकाश तिवारी भी शामिल थे। इसी दौरान आरक्षक ओमप्रकाश एक बाइक सवार को रुकने का इशारा कर रहे थे। तभी मुरैना शहर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि आरक्षक सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए।

ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

हादसे के तुरंत बाद पुलिस टीम घायल आरक्षक को अस्पताल लेकर पहुंची। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया। पुलिसकर्मी उन्हें बेहतर उपचार के लिए ग्वालियर ले जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी सांसें थम गईं। ड्यूटी के दौरान एक साथी पुलिसकर्मी को खोने की घटना से पुलिस विभाग में शोक व्याप्त है।

12 किलोमीटर पीछा कर लोडिंग वाहन सहित चालक को पकड़ा

हादसे के बाद लोडिंग वाहन चालक मौके से फरार हो गया। इसके बाद थाना प्रभारी उदयभान यादव ने पुलिस टीम के साथ वाहन का पीछा शुरू किया। पुलिस ने करीब 12 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद नूराबाद के पास लोडिंग वाहन को रोक लिया और चालक को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, हादसे में शामिल लोडिंग वाहन का नंबर UP 80 HP 5447 है। वाहन में सब्जी भरी हुई थी। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

ग्वालियर में कराया जाएगा पोस्टमॉर्टम

आरक्षक ओमप्रकाश तिवारी की ड्यूटी के दौरान मौत से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। उनका पोस्टमॉर्टम ग्वालियर में कराया जाएगा। हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

error: Content is protected !!