मुरैना। जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार, अप्रेंटिसशिप और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए 27 अक्टूबर 2026 को युवा संगम (रोजगार मेला) आयोजित किया जाएगा। जिला रोजगार कार्यालय मुरैना के तत्वावधान में यह मेला शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), जरेरुआ के पास, एबी रोड मुरैना में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक लगेगा।
जिला रोजगार अधिकारी के अनुसार, मेले में विभिन्न कंपनियां अपनी रिक्तियों के अनुसार योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। इसके साथ ही जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण प्रकरण तैयार कराने और ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाएगी।
इन कंपनियों में मिलेगी नौकरी का अवसर
रोजगार मेले में शामिल होने वाली कंपनियों में वर्धमान फैब्रिक प्राइवेट लिमिटेड, बुधनी में मशीन ऑपरेटर के पदों पर आठवीं, दसवीं और बारहवीं पास 18 से 25 वर्ष तक के युवाओं को अवसर मिलेगा। चयनित अभ्यर्थियों को 12,500 से 18,000 रुपये तक शुरुआती वेतन दिया जाएगा। जॉबकेयर नाउ प्राइवेट लिमिटेड, ग्वालियर में डिप्टी मैनेजर के पद के लिए बीकॉम (स्पेशल) स्नातक अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इसके लिए आयु सीमा 21 से 28 वर्ष और वार्षिक वेतन पैकेज 4 लाख रुपये निर्धारित है।
न्यू मैक्स स्किल एवं मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड, हिमाचल प्रदेश एवं पंजाब में मशीन ऑपरेटर के पदों पर दसवीं, बारहवीं, आईटीआई और बीटेक योग्यताधारी 18 से 35 वर्ष तक के युवाओं को अवसर मिलेगा। इन पदों के लिए 14,000 से 25,000 रुपये तक मासिक वेतन निर्धारित किया गया है।
इसी तरह एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, मुरैना में बीमा अभिकर्ता के पदों पर दसवीं, बारहवीं पास और स्नातक अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। इस पद पर 7,000 रुपये के साथ अतिरिक्त कमीशन का प्रावधान है। वहीं, ब्राट बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड, अहमदाबाद में सेल्स एग्जीक्यूटिव के पदों के लिए दसवीं, बारहवीं और स्नातक योग्यताधारी 18 से 36 वर्ष तक के युवाओं को मौका मिलेगा। इस पद के लिए 16,500 रुपये प्रतिमाह वेतन निर्धारित है।
ये दस्तावेज लेकर पहुंचें युवा
जिला रोजगार अधिकारी ने इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे 27 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच निर्धारित स्थल पर पहुंचें। अभ्यर्थी जी अपने साथ समग्र आईडी, रोजगार पंजीयन, शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण-पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज लेकर आएं।
मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा। युवाओं के लिए यह रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ने का अवसर होगा।
स्थान: शासकीय आईटीआई, जरेरुआ के पास, एबी रोड, मुरैना
दिनांक: 27 अक्टूबर 2026
समय: सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक