मुरैना। जिले में वन विभाग ने लकड़ी तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खैर की लकड़ी से भरे एक ट्रक को पकड़ने में सफलता हासिल की है। वन विभाग की टीम ने हाईवे पर करीब 20 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद ट्रक को दबोच लिया। ट्रक में अवैध रूप से खैर की लकड़ी भरी हुई थी, जिसे लखनपुरा के जंगल से काटकर रतलाम ले जाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।जानकारी के अनुसार जौरा वन परिक्षेत्र के रेंजर रामजीलाल भारती को शनिवार रात सूचना मिली थी कि खैर की लकड़ी से भरा एक ट्रक पगारा मार्ग से गुजरने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए रेंजर ने तत्काल वन विभाग की दो टीमों का गठन किया। एक टीम को पगारा क्षेत्र में तथा दूसरी टीम को सुमावली क्षेत्र में निगरानी और घेराबंदी के लिए तैनात किया गया।बताया गया है कि पगारा के पास वन विभाग की टीम को संदिग्ध ट्रक आता दिखाई दिया। जब कर्मचारियों ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और वन विभाग के चेकिंग पॉइंट को तोड़ते हुए आगे निकल गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने भी अपने वाहन से ट्रक का पीछा शुरू कर दिया। करीब 20 किलोमीटर तक हाईवे पर चले पीछा करने के बाद वन विभाग की टीम ने टेकरी के पास ट्रक को घेरकर रोक लिया। ट्रक की तलाशी लेने पर उसके ऊपर डाली गई तिरपाल हटाई गई, जिसमें बड़ी मात्रा में खैर की लकड़ी भरी हुई मिली। वन विभाग ने मौके पर ही ट्रक को जब्त कर लिया और चालक को हिरासत में लेकर वन चौकी पहुंचाया।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम अरबाज खान बताया। उसने वन विभाग को जानकारी दी कि वह लखनपुरा के जंगल से खैर की लकड़ी भरकर रतलाम ले जा रहा था। चालक के अनुसार यह खेप अब्दुल खान के कहने पर ले जाई जा रही थी, जो खैर की लकड़ी के कारोबार से जुड़ा हुआ है।वन विभाग ने ट्रक सहित अवैध खैर की लकड़ी को जब्त कर लिया है तथा चालक के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। विभाग अब इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जंगलों में अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
