पुरानी रंजिश में छुरे और लाठी से हमला, 24 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार

मुरैना। रिठौराकलां थाना पुलिस ने पुरानी रंजिश के चलते हुए जानलेवा हमले के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त छुरा और लाठी भी बरामद की है।पुलिस के अनुसार 21 जून 2026 को फरियादी समसाद शाह पुत्र भिकारी शाह ने थाना रिठौराकलां में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 जून की रात करीब 9:30 बजे वह और मोहब्बत शाह मालनपुर की एक फैक्ट्री से काम कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। जब वे शाबिर की दुकान के पास घटिया क्षेत्र में पहुंचे, तभी कासिम शाह, उसके छोटे भाई समीर शाह तथा आलम शाह ने पुरानी रंजिश के चलते उन पर छुरा और लाठी से हमला कर दिया। हमले में समसाद शाह और मोहब्बत शाह गंभीर रूप से घायल हो गए।फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 52/26 दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं एसडीओपी बामौर अनिल कुमार मंडराह के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास जांच की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।पुलिस के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप 22 जून 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वांछित आरोपी कासिम शाह, समीर शाह और आलम शाह को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त छुरा और लाठी भी जब्त कर ली है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

error: Content is protected !!