मुरैना। शहर की न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में मंगलवार दोपहर एक प्रॉपर्टी डीलर के घर दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर सूने मकान में घुसकर लाखों रुपये के सोने के जेवर और नगदी चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।जानकारी के अनुसार प्रॉपर्टी डीलर हरेश परमार का परिवार मंगलवार दोपहर किसी काम से घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान एक अज्ञात युवक घर की बाउंड्री कूदकर अंदर दाखिल हुआ और करीब 20 मिनट तक घर के भीतर रहकर अलमारी व कमरों की तलाशी ली। चोर घर से दो सोने की जंजीर, एक सोने की अंगूठी, दो जोड़ी झुमके और नगदी लेकर फरार हो गया।परिवार के एक सदस्य के अचानक घर लौटने पर चोर घबरा गया और बाउंड्री फांदकर भागने लगा। इस दौरान उसके पास रखी करीब 6 लाख रुपये की नगदी की पोटली नीचे गिर गई, जिसे परिवार ने बरामद कर लिया। हालांकि आरोपी सोने के जेवर लेकर भागने में सफल रहा।सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। फुटेज में आरोपी घर में प्रवेश करते और बाहर निकलते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहा है।पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए दो टीमें गठित की हैं। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
