33.92 लाख हितग्राहियों को बड़ी सौगात, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ट्रांसफर किए 203.56 करोड़ रुपये

भोपाल। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुरुवार को मंत्रालय से आयोजित सामाजिक सुरक्षा पेंशन वितरण कार्यक्रम में प्रदेश के 33 लाख 92 हजार 695 से अधिक हितग्राहियों के खातों में मई माह की पेंशन राशि के रूप में 203 करोड़ 56 लाख रुपये सिंगल क्लिक के माध्यम से हस्तांतरित किए। कार्यक्रम को उन्होंने वर्चुअली संबोधित किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में बुजुर्गों, असहायों और समाज के कमजोर वर्गों का सम्मान करना केवल कर्तव्य नहीं, बल्कि धर्म माना गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि कोई भी गरीब परिवार, माताएं-बहनें या दिव्यांगजन स्वयं को बेसहारा महसूस न करें। सामाजिक सुरक्षा पेंशन केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि सरकार की ओर से सम्मान, स्नेह और सुरक्षा का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंत्योदय का संकल्प साकार हो रहा है और सरकार गरीबों, वंचितों तथा जरूरतमंदों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि कृषक कल्याण वर्ष के तहत किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही ऋण चुकाने की अवधि को अधिक सुविधाजनक बनाया गया है, जिससे किसानों को राहत मिलेगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में देश के 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं ने जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने दावा किया कि मध्यप्रदेश अधिकांश कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं और अन्य हितग्राही वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।

error: Content is protected !!