मध्यप्रदेश के हॉकी खिलाड़ियों को सीएम का तोहफा, स्वर्ण विजेताओं को 3 लाख की प्रोत्साहन राशि

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को अपने निवास पर अंडर-18 पुरुष एवं महिला हॉकी एशिया कप-2026 में पदक जीतने वाले मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय हॉकी टीम में मध्यप्रदेश का बढ़ता प्रतिनिधित्व प्रदेश के लिए गर्व की बात है और आने वाले समय में राज्य के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम के स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को प्रति खिलाड़ी 3 लाख रुपये तथा महिला हॉकी टीम की कांस्य पदक विजेता खिलाड़ियों को प्रति खिलाड़ी 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार खेलों और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के भोपाल, जबलपुर, नर्मदापुरम, सिवनी और बड़वानी जैसे जिलों से आने वाले कई खिलाड़ी साधारण परिवारों से हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यही खिलाड़ी भविष्य में एशियाई खेलों और अन्य बड़ी प्रतियोगिताओं में भी भारत के लिए पदक जीतेंगे।उन्होंने कहा कि एक समय मध्यप्रदेश हॉकी के क्षेत्र में कई ओलंपियन खिलाड़ियों के लिए जाना जाता था। कुछ वर्षों तक यह खेल प्रदेश में पिछड़ गया था, लेकिन अब राज्य फिर से हरियाणा जैसे अग्रणी राज्यों की बराबरी कर रहा है।इस अवसर पर खेल मंत्री विश्वास सारंग ने भी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि कोच समीर दाद सहित प्रशिक्षकों की मेहनत और खिलाड़ियों की लगन का परिणाम है कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनके साथ समूह फोटो भी खिंचवाई।

जापान में हुआ था एशिया कपअंडर-18 पुरुष एवं महिला हॉकी एशिया कप-2026 का आयोजन 29 मई से 6 जून तक जापान के काकामिगाहारा शहर में हुआ था। पुरुष वर्ग में भारत सहित नौ देशों और महिला वर्ग में आठ देशों की टीमों ने भाग लिया। भारतीय पुरुष टीम ने स्वर्ण पदक जबकि महिला टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किया।भारतीय पुरुष टीम में मध्यप्रदेश राज्य पुरुष हॉकी अकादमी, भोपाल के छह खिलाड़ियों ने प्रतिनिधित्व किया और स्वर्ण पदक जीता। वहीं महिला टीम में मध्यप्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी, ग्वालियर की चार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और कांस्य पदक हासिल किया।प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश की खिलाड़ी नौसीन नाज ने 12 गोल दागकर टूर्नामेंट की टॉप स्कोरर बनने का गौरव प्राप्त किया, जबकि आयुष रजक को शानदार प्रदर्शन के लिए बेस्ट गोलकीपर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

error: Content is protected !!