नशे के खिलाफ एकजुट हुआ अजनोधा, ग्रामीणों ने लिया व्यसनमुक्त समाज का संकल्प

मुरैना। अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर म.प्र. जन अभियान परिषद (योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, म.प्र. शासन) की सहयोगी नवांकुर संस्था मुरैना यूथ अकादमी द्वारा ग्राम पंचायत अजनोधा में एक दिवसीय वृहद नशामुक्ति अभियान सह संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मुरैना विकासखंड समन्वयक अनिल मोदी के मार्गदर्शन में किया गया।संगोष्ठी में नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि संदीप सेंगर, अजनोधा ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष बीरेंद्र राजौरिया, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भूरी शर्मा, आशा कार्यकर्ता सीमा राजौरिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, युवा एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संदीप सेंगर ने कहा कि नशा अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेजी से फैल रहा है और यह एक गंभीर सामाजिक बुराई बन चुका है। उन्होंने कहा कि नशे की लत केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ी को प्रभावित करती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष बीरेंद्र राजौरिया ने कहा कि गांव के समग्र विकास के लिए युवाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होना आवश्यक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समिति भविष्य में भी म.प्र. जन अभियान परिषद के साथ मिलकर गांव में इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।

संगोष्ठी में महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। छात्र-छात्राओं ने भी नशे के खिलाफ जनजागरण का संदेश देते हुए अपने घर और आसपास के लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी ग्रामीणों को नशामुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई गई। सभी ने तंबाकू, शराब, सिगरेट एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने, नशे की लत से पीड़ित लोगों को जागरूक कर उपचार के लिए प्रेरित करने तथा ग्राम अजनोधा को पूर्णतः व्यसनमुक्त एवं आदर्श ग्राम बनाने में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

error: Content is protected !!