मुरैना। जिले के माताबसैया थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। एक युवक ने आधी रात को सो रही अपनी पत्नी और दो मासूम बेटों की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद वह घर से निकल गया और रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पत्नी के चरित्र पर संदेह और लंबे समय से चल रहा पारिवारिक विवाद सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार किशनपुर निवासी बलराम कुशवाह मजदूरी करता था और पुणे में मार्बल घिसाई का काम करता था। उसके परिवार में पत्नी रविता, 8 वर्षीय बेटा आरव और 6 वर्षीय देवू थे। शुक्रवार रात परिवार ने साथ में भोजन किया और सभी घर के कमरे में सो गए। देर रात बलराम ने कुल्हाड़ी से पहले पत्नी और फिर दोनों मासूम बेटों पर हमला कर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद वह घर से निकल गया और रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। शनिवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो बलराम की वृद्ध मां को शक हुआ। उन्होंने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से दरवाजा खोला गया। कमरे के अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। बिस्तर पर रविता और दोनों बच्चे खून से लथपथ मृत पड़े थे। सूचना मिलते ही माताबसैया थाना पुलिस, एफएसएल टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
भागवत कथा में डांस के बाद बढ़ा था विवाद

मृतक के पिता मलखान सिंह कुशवाह ने बताया कि 6 जून को गांव में आयोजित भागवत कथा के दौरान रविता ने अन्य महिलाओं के साथ नृत्य किया था। इसी बात को लेकर बलराम नाराज हो गया था और उसने पत्नी के साथ मारपीट की। नाराज होकर रविता अपने मायके कुतवार चली गई थी। करीब तीन दिन पहले बलराम गांव के कुछ लोगों को साथ लेकर ससुराल पहुंचा और दोबारा मारपीट नहीं करने का भरोसा दिलाकर पत्नी को वापस घर ले आया। लेकिन कुछ ही दिनों बाद उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।

चरित्र संदेह बना पूरे परिवार की मौत का कारण
ग्रामीणों के अनुसार बलराम लंबे समय से पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी। बताया जा रहा है कि पत्नी के मायके से लौटने के बाद भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। पुलिस इस एंगल सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
रेलवे ट्रैक पर मिला बलराम कुशवाहा का शव

घर में तीन शव मिलने के बाद जब ग्रामीणों ने बलराम की तलाश शुरू की तो उसका शव गांव के पास रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। आशंका है कि पत्नी और बच्चों की हत्या करने के बाद वह सीधे रेलवे लाइन पहुंचा और ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने उसका शव भी पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद और पत्नी पर संदेह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।