मुरैना पुलिस ने अवैध रेत कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर जिलेभर में अवैध रेत परिवहन, उत्खनन और भंडारण के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन और एसडीओपी सबलगढ़ उमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना टैंटरा पुलिस, एसएएफ और वन विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम बौलाज में नहर की पटरी के पास छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान मौके पर करीब 200 ट्रॉली (400 घनमीटर) अवैध रेत भंडारित मिली। संयुक्त टीम ने लगभग ₹4.40 लाख कीमत की इस रेत को लोडर की सहायता से मिट्टी में मिलाकर नष्ट कर दिया।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध रेत परिवहन और भंडारण के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।