मुरैना-श्योपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने रविवार को जिला चिकित्सालय में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की और अभिभावकों से अपील की कि वे 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में 2,377 पोलियो बूथों पर 2 लाख 36 हजार 784 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई गई। अभियान के दूसरे और तीसरे चरण में 29 व 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पहले दिन छूटे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी।
प्रभारी जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. एस.पी. श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान की निगरानी के लिए 299 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। वहीं 170 मोबाइल और ट्रांजिट टीमें रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, ईंट-भट्टों और घूमंतू परिवारों के बच्चों तक पहुंचकर पोलियो की दवा पिला रही हैं। अभियान में जिलेभर के 5,038 अधिकारी एवं कर्मचारियों ने अपनी सेवाएं दीं।