
मुरैना। नेपरी गांव के पास यात्री प्रतीक्षालय में युवक की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस कार्रवाई से नाराज मृतक के परिजनों ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय का घेराव किया। परिजन दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर एसपी कार्यालय पहुंचे और हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) को ज्ञापन सौंपकर नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की।जानकारी के अनुसार, 22 जून की सुबह नेपरी गांव के पास स्थित यात्री प्रतीक्षालय में खनेता गांव निवासी संतीश रजक का शव फंदे से लटका मिला था। संतीश अपने साले की शादी में शामिल होने नेपरी गांव आया था। पुलिस जांच में सामने आया कि 21 जून की रात शादी समारोह में उसने शराब पी थी और रात करीब 12 बजे के बाद वह दिखाई नहीं दिया। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी।हालांकि, मृतक के परिजन शुरू से ही इस मामले को आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या बता रहे हैं। उनका आरोप है कि पुलिस ने अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे वे असंतुष्ट हैं।

परिजनों का आरोप
मृतक के भाई रवि रजक का आरोप है कि ब्रजगढ़ी गांव निवासी नीरज रजक, जो संतीश का साढ़ू है, अपनी पत्नी और संतीश के बीच कथित मधुर संबंधों को लेकर उस पर शक करता था। इसी विवाद को लेकर करीब एक वर्ष पहले भी दोनों के बीच मारपीट हुई थी।परिजनों का आरोप है कि घटना वाली रात नीरज ने पहले संतीश को शराब पिलाई, फिर डीजे पर डांस करने के बहाने अपने साथ ले गया। इसके बाद अपने दो साथियों के साथ मिलकर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को यात्री प्रतीक्षालय में फंदे से लटका दिया।
पुलिस का पक्ष
एएसपी ने परिजनों का ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाएगी तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


