मुरैना: शराब ठेकेदार के घर 6 राउंड फायरिंग, CCTV में कैद वारदात; तीन नामजद आरोपी फरार

मुरैना सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक शराब ठेकेदार के घर पर बाइक सवार तीन नामजद बदमाशों द्वारा फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने कथित तौर पर 315 बोर की बंदूक से करीब छह राउंड फायर किए और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पचौरी गली, जौरी इलाके में रहने वाले शराब ठेकेदार सुरेश उपाध्याय के घर पर बाइक से तीन युवक पहुंचे। आरोप है कि आकाश गुर्जर गली के बाहर बाइक के साथ रुका रहा, जबकि भानू गुर्जर और एदल गुर्जर घर की ओर पहुंचे और 315 बोर की बंदूक से लगातार छह फायर किए। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।पीड़ित सुरेश उपाध्याय का आरोप है कि तीनों आरोपी निवी गांव के रहने वाले हैं और अवैध शराब तस्करी से जुड़े हुए हैं। उनका कहना है कि अवैध शराब की बिक्री रोकने के प्रयासों के कारण आरोपियों से रंजिश चल रही थी, जिसके चलते उनके घर पर फायरिंग की गई।मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी उदयभान यादव ने बताया कि फायरिंग की घटना की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

error: Content is protected !!