मुरैना। अम्बाह थाना पुलिस ने घर में हुई लाखों रुपये के जेवरों की चोरी का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब ₹1.50 लाख मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 17 जून 2026 को फरियादिया हरभेजी राठौर पत्नी सतीश राठौर (50 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक-17, भूमिया रोड, अम्बाह ने थाना अम्बाह में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12-13 जून की दरमियानी रात अज्ञात चोर घर के बाहर बनी लेट्रिन के रास्ते दूसरी मंजिल पर चढ़कर घर में रखे सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर थाना अम्बाह में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने लगातार प्रयास करते हुए 29 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर संदेही जसवंत माहौर पुत्र रामरूप माहौर (25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक-10, गोपालपुरा पोरसा, हाल निवासी चुरपुरा रोड, अम्बाह को पूठा बड़फरा स्थित रमेश पंडित के भट्टे के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए, जिनमें मंगलसूत्र, सोने की बालियां, बच्चों के पेंडल, अंगूठियां, पायजेब, तोड़िया और 14 बीछिया सहित कुल करीब ₹1.50 लाख मूल्य के जेवर शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पहले भी चोरी का प्रकरण दर्ज है।