3 साल से फरार ₹10 हजार का इनामी आरोपी मुकेश गिरफ्तार, कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद

मुरैना। थाना स्टेशन रोड पुलिस ने हत्या के प्रयास के दो अलग-अलग मामलों में पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहे ₹10,000 के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार, 30 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर थाना स्टेशन रोड पुलिस ने आरोपी मुकेश पुत्र मातादीन रजन (49 वर्ष), निवासी ग्राम खेड़ा मेवदा, हाल बगियापुरा मैनाबसई, थाना सुमावली को यूनिवर्सिटी रोड, ग्वालियर से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इसके आधार पर प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 का भी इजाफा किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने जिस दिन थाना स्टेशन रोड क्षेत्र में हत्या के प्रयास की वारदात को अंजाम दिया था, उसी दिन थाना कोतवाली क्षेत्र में भी फायरिंग कर हत्या के प्रयास की दूसरी घटना को अंजाम दिया था। दोनों मामलों में आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। थाना कोतवाली के मामले में उसकी गिरफ्तारी पर ₹10,000 का इनाम घोषित था।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

error: Content is protected !!