भारत स्काउट एवं गाइड के निःशुल्क शीतल पेयजल सेवा शिविर का समापन, सेवा सहयोगियों का हुआ सम्मान

मुरैना। भारत स्काउट एवं गाइड, मध्यप्रदेश जिला संघ मुरैना द्वारा भीषण गर्मी के दौरान आमजन और यात्रियों के लिए संचालित निःशुल्क शीतल पेयजल सेवा शिविर का समापन समारोह रविवार को स्टेशन रोड स्थित काशीबाई धर्मशाला में आयोजित किया गया।समारोह के मुख्य अतिथि जिला पंचायत मुरैना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश कुमार भार्गव रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला संघ के अध्यक्ष डॉ. विवेक राठी ने की। विशिष्ट अतिथियों में प्रदेश उपाध्यक्ष ओ.पी. गुप्ता, सहायक राज्य संगठन आयुक्त चंबल संभाग वीर सिंह यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह यादव तथा उपाध्यक्ष अमृतलाल यादव शामिल रहे।मुख्य अतिथि कमलेश कुमार भार्गव ने कहा कि भारत स्काउट एवं गाइड का यह सेवा अभियान समाज में सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने शिविर के सफल संचालन के लिए जिला सचिव शेखर सिंह यादव और उनकी टीम की सराहना की।जिला सचिव एवं शिविर संचालक शेखर सिंह यादव ने बताया कि भीषण गर्मी के दौरान रेलवे स्टेशन क्षेत्र में प्रतिदिन हजारों यात्रियों और राहगीरों को निःशुल्क शीतल पेयजल उपलब्ध कराया गया।

उन्होंने बताया कि स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर, स्काउटर-गाइडर, स्वयंसेवकों और समाजसेवियों के सहयोग से यह सेवा अभियान सफलतापूर्वक संचालित हुआ।प्रदेश उपाध्यक्ष ओ.पी. गुप्ता ने कहा कि मुरैना जिला संघ सेवा गतिविधियों के माध्यम से प्रदेश में अपनी अलग पहचान बना रहा है। अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. विवेक राठी ने कहा कि जिला संघ सामाजिक सरोकारों से जुड़े सेवा कार्यों में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है।समारोह में दानदाताओं, स्काउट-गाइड सेवा दल, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन और राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर सहायक संचालक पेयजल शिविर डॉ. राकेश कुमार शर्मा भोपाल से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर शिविर की सफलता पर शुभकामनाएं दीं।

error: Content is protected !!