Kailaras Suicide Case: मुरैना। कैलारस नगर परिषद की उपाध्यक्ष सीमा राणावत के पति अशोक राणावत ने रविवार को अपने फार्महाउस पर सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के पीछे के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अशोक राणावत रविवार को अपने एक साथी के साथ रोजाना की तरह फार्महाउस पहुंचे थे। फार्महाउस पहुंचने के बाद उन्होंने अपने साथी को शराब लेने के लिए बाजार भेज दिया। इसी दौरान उन्होंने फोन पर कुछ पार्षदों और नगर परिषद के कर्मचारियों से माफी मांगी। इसके बाद उन्होंने 12 बोर के हथियार से स्वयं को गोली मार ली। जब उनका साथी वापस फार्महाउस पहुंचा तो अशोक राणावत खून से लथपथ अवस्था में पड़े मिले। उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।
टीआई कैलारस सतेंद्र कुशवाह ने बताया कि अशोक राणावत द्वारा फार्महाउस पर गोली मारकर आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।