Pagara Dam Accident: मुरैना। जौरा थाना क्षेत्र के पगारा डैम में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में एक चरवाहे की डूबने से मौत हो गई। मृतक अपने मवेशियों को निकालने के लिए डैम के पानी में उतरा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे के रेस्क्यू अभियान के बाद शव को बाहर निकाला।जानकारी के अनुसार, जौरा थाना प्रभारी पंकज यादव को दोपहर में सूचना मिली कि पगारा डैम में एक युवक डूब गया है। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम की मदद से खोजबीन शुरू कराई। टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव पानी से बाहर निकाला।

शिनाख्त के दौरान मृतक की पहचान अनिल पुत्र मातादीन गुर्जर, निवासी उमर वाला का पुरा के रूप में हुई। बताया गया कि वह मवेशियों को निकालने के लिए डैम में उतरा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।

थाना प्रभारी ने क्या कहा?
जौरा थाना प्रभारी पंकज यादव ने बताया कि युवक मवेशियों को निकालने के लिए डैम में उतरा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले की जांच की जा रही है।