रंगदारी को लेकर दो गुटों में अंधाधुंध फायरिंग, छत पर सो रहे युवक को लगी गोली, ग्वालियर रेफर

मुरैना। जिले के माताबसैया थाना क्षेत्र के जीगनी गांव में रविवार रात रंगदारी और वर्चस्व की रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच जमकर फायरिंग हो गई। अंधाधुंध चली गोलियों के बीच छत पर सो रहा एक युवक गोली के छर्रों की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर ग्वालियर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार जीगनी गांव निवासी राहुल गुर्जर और रोहित गुर्जर के बीच क्षेत्र में वर्चस्व कायम करने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। दोनों पक्षों के बीच पहले भी दो बार झगड़ा हो चुका है। रविवार रात गांव के लोग भोजन के बाद अपने-अपने घरों की छतों पर सो रहे थे। इसी दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। गोलियों की आवाज सुनते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए छतों से नीचे भागने लगे। इसी दौरान यशवीर गुर्जर के पेट और सीने में गोली के छर्रे लग गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने ग्वालियर रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही माताबसैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।

पुलिस का बयान

डीएसपी मुख्यालय विजय भदौरिया ने बताया कि जीगनी गांव में रंगदारी के विवाद को लेकर दो गुटों के बीच फायरिंग हुई है। इस घटना में एक युवक घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। घायल युवक को किस पक्ष की गोली लगी, इसकी जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।

error: Content is protected !!