कट्टे की नोक पर दिनदहाड़े लूट, मंदिर जा रहे दंपती से झुमके और नकदी लूटी

मुरैना। जिले के जौरा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। भूमिया मंदिर में दर्शन करने जा रहे एक दंपती को तीन बाइक सवार बदमाशों ने सुनसान रास्ते में रोक लिया। बदमाशों ने कट्टा अड़ाकर महिला के कानों से झुमके और पर्स में रखी नकदी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

डोंगरपुर रोड पर नहर के पास हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, सबलगढ़ तहसील के अंतर्गत आने वाले दांतरे का पुरा गांव निवासी कल्याण सिंह केवट अपनी पत्नी मिथलेश के साथ भूमिया मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। दोपहर के समय जब वे जौरा थाना क्षेत्र के डोंगरपुर रोड पर नहर के पास पहुंचे, तभी एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उनकी गाड़ी के आगे बाइक लगाकर उन्हें रोक लिया।
पीड़ित दंपती कुछ समझ पाते, उससे पहले एक बदमाश ने कल्याण सिंह की कनपटी पर कट्टा तान दिया। इसके बाद अन्य बदमाशों ने महिला के कानों से सोने के झुमके उतरवा लिए और उसके पर्स में रखी नकदी भी लूट ली। वारदात के बाद तीनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।

पुलिस ने शुरू की तलाश, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे

घटना की सूचना मिलते ही जौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आरोपियों के भागने के संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

इलाके में दहशत, पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का किया दावा

दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुनसान मार्गों पर लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना है।जौरा थाना प्रभारी पंकज यादव ने बताया कि पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

error: Content is protected !!