Dental Checkup Camp: मुरैना। रोटरी क्लब मुरैना द्वारा रोटरी हैप्पी स्कूल क्रमांक-2, गणेशपुरा में जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क दंत परीक्षण एवं मौखिक स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में वरिष्ठ दंत चिकित्सक डॉ. संजय शर्मा एवं डॉ. देव गर्ग ने करीब 80 विद्यार्थियों के दांतों और मौखिक स्वास्थ्य की जांच की। परीक्षण के दौरान कई बच्चों में दांतों से जुड़ी गंभीर समस्याएं सामने आईं, जिनके समय पर उपचार की सलाह दी गई।

शिविर के दौरान डॉ. संजय शर्मा ने घोषणा की कि जिन बच्चों को आगे उपचार की आवश्यकता होगी, उनका ‘परमार्थ न्यास’ के माध्यम से निःशुल्क इलाज कराया जाएगा, ताकि आर्थिक तंगी किसी बच्चे के स्वास्थ्य में बाधा न बने। जांच में यह भी पाया गया कि कई गरीब बच्चों के पास नियमित दंत स्वच्छता के लिए टूथब्रश तक उपलब्ध नहीं था। इसे देखते हुए रोटरी क्लब ने सभी विद्यार्थियों को टूथब्रश, टूथपेस्ट एवं अन्य दंत स्वच्छता सामग्री वितरित की और सही तरीके से ब्रश करने तथा दांतों की देखभाल के बारे में जानकारी दी।

रोटरी क्लब के अध्यक्ष तरुण शर्मा ने कहा कि बच्चों का बेहतर स्वास्थ्य ही देश का उज्ज्वल भविष्य है। क्लब शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े ऐसे जनसेवा कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित करता रहेगा। कार्यक्रम में दीपक मोदी, चेतन्य कुलश्रेष्ठ, तरुण शर्मा, गौरव मोदी, चंचल मंगल, हरेश बंसल, निखिल अग्रवाल, रोमेश गुप्ता, कमल गोयल, विनोद बंसल और ललित मंगल सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। क्लब ने विद्यालय प्रशासन, चिकित्सकों और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी वंचित बच्चों के लिए ऐसे सेवा कार्य जारी रखने का संकल्प दोहराया।
