मनचले की बीच चौराहे पर पिटाई, पुलिसकर्मी खड़ा देखता रहा, वीडियो वायरल

मुरैना शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक की बीच चौराहे पर जमकर पिटाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वीडियो में बड़ी संख्या में लोग एक युवक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि मौके पर मौजूद डायल-112 का एक पुलिसकर्मी तमाशबीन बना खड़ा नजर आ रहा है। घटना माधोपुरा पुलिया के पास स्थित चौराहे की बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में कुछ लोग एक युवक को घेरकर उसकी पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में डायल-112 वाहन के पास मौजूद एक पुलिसकर्मी भी नजर आ रहा है, जो मारपीट रोकने के बजाय घटनाक्रम को देखता हुआ दिखाई देता है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस युवक की पिटाई की गई, उस पर एक युवती के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि इसी बात से नाराज युवती के परिजनों और स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़ लिया और बीच चौराहे पर उसकी मारपीट कर दी।मामले पर कोतवाली थाना प्रभारी अमित भदौरिया का कहना है कि वायरल वीडियो माधोपुरा पुलिया के पास का है। युवक द्वारा कथित रूप से युवती से छेड़छाड़ किए जाने के बाद कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की थी। उन्होंने बताया कि डायल-112 वाहन वहां नियमित रूप से खड़ा रहता है और मौके पर मौजूद आरक्षक ने तत्काल घटना की सूचना कोतवाली थाने को दे दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। मारपीट में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, पुलिस की मौजूदगी में हुई इस घटना को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं कि आखिर मारपीट के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ने हस्तक्षेप क्यों नहीं किया।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग कानून अपने हाथ में लेने की प्रवृत्ति के साथ-साथ पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी चर्चा कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

error: Content is protected !!