मुरैना। थाना नूराबाद पुलिस ने करहधाम क्षेत्र में हुई मारपीट और वाहन तोड़फोड़ की घटना में मुख्य आरोपी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बेसबॉल बैट एवं डंडे भी बरामद किए हैं।जानकारी के अनुसार 2 जून 2026 को फरियादी अरुण गौड़ पुत्र जमुनी प्रसाद गौड़ ने थाना नूराबाद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 1 जून को अपने मालिक प्रदीप राठौर के साथ कार से करहधाम क्षेत्र में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के दौरान वह एवं अनुज मिठाई लेने करहधाम गए थे। वापस लौटते समय धनेला गांव के पास मोटरसाइकिल एवं स्कूटी पर सवार छह अज्ञात युवकों ने उनकी कार को रोककर तोड़फोड़ की तथा गाली-गलौज करते हुए अनुज के साथ गंभीर मारपीट की।फरियादी की शिकायत पर थाना नूराबाद में अपराध क्रमांक 84/2026 दर्ज कर विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू की गई। घटना के बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।लगातार प्रयासों और तकनीकी जांच के बाद 16 जून 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने बामौर क्षेत्र से मामले के मुख्य आरोपी सहित दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बेसबॉल बैट और डंडे भी जब्त किए गए हैं।पुलिस द्वारा मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है तथा आगे की विवेचना की जा रही है।
