रॉन्ग साइड ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत, ट्रक के पहिए तले आया बाइक सवार, CCTV में कैद हादसा

NH-44 पर कमिश्नर कार्यालय के सामने दर्दनाक दुर्घटना, परिजनों का पीएम हाउस में हंगामा, पुलिस जांच में जुटी

मुरैना। नेशनल हाईवे-44 पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रॉन्ग साइड से आ रहे खंडा-पत्थरों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही युवक सड़क पर गिर गया और पीछे से आ रहे ट्रक के पहिए की चपेट में आ गया। हादसे का पूरा घटनाक्रम पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया। घटना के बाद परिजनों ने जिला अस्पताल के पीएम हाउस पर हंगामा करते हुए दोषी चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विवेक त्यागी के रूप में हुई है। वह बाइक मुरैना से ग्वालियर की ओर जा रहा था। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कमिश्नर कार्यालय के सामने रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद विवेक सड़क पर गिर गया और पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना स्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की मौत की खबर मिलते ही परिजन जिला अस्पताल के पीएम हाउस पहुंचे और ट्रैक्टर व ट्रक चालक के खिलाफ तत्काल मामला दर्ज करने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाइश दी और मामला शांत कराया।

पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच के बाद हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!