13 महीने से पदांकन का इंतजार, शिक्षा विभाग के बाहर धरने पर बैठे शिक्षक, DEO ने दिया बड़ा आश्वासन

मुरैना। प्रतिनियुक्ति समाप्त होने के बाद पिछले 13 महीनों से पदांकन का इंतजार कर रहे शिक्षकों का सब्र गुरुवार को जवाब दे गया। जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय के बाहर 27 शिक्षक धरने पर बैठ गए और विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। शिक्षकों का कहना है कि कई बार आवेदन देने और काउंसलिंग होने के बावजूद अब तक पदस्थापना आदेश जारी नहीं किए गए हैं।

धरने पर बैठे शिक्षकों के अनुसार, 27 नवंबर 2025 को सीएसी और बीएसी की प्रतिनियुक्ति समाप्त हो गई थी। इसके बाद से 27 शिक्षकों की किसी भी विद्यालय में पदस्थापना नहीं की गई। शिक्षकों का आरोप है कि वे लगातार अधिकारियों और कलेक्टर कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है।

धरने में शामिल शिक्षक शिशुपाल सिंह ने बताया कि कई बार आवेदन देने के बाद 19 मई 2026 को विभाग ने काउंसलिंग कराई थी, लेकिन करीब ढाई महीने बीत जाने के बाद भी पदस्थापना आदेश जारी नहीं किए गए। उनका कहना है कि हर बार तकनीकी समस्या या अन्य कारण बताकर प्रक्रिया टाल दी जाती है, जिससे शिक्षकों और उनके परिवारों को आर्थिक व मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी बी.एस. इंदौरिया ने बताया कि तकनीकी कारणों से पदस्थापना आदेश जनरेट नहीं हो पाए थे। उन्होंने कहा कि आज शाम तक सभी आदेश जारी कर दिए जाएंगे और पूरी प्रक्रिया शासन के नियमों के अनुसार की जा रही है। साथ ही शिक्षकों द्वारा लगाए गए अन्य आरोपों को उन्होंने निराधार बताया।

error: Content is protected !!