3-3 दिन बाद भी नहीं मिल रही खाद, महिलाओं समेत सैकड़ों किसान परेशान; अव्यवस्था और अवैध वसूली के आरोप
मुरैना। जिले में खाद संकट लगातार गहराता जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि किसान अब खाद मिलने की उम्मीद में गल्ला मंडी परिसर में राम-कीर्तन करने को मजबूर हैं। टोकन मिलने के बावजूद किसानों को तीन-तीन दिन तक खाद नहीं मिल रही है। दूर-दराज के गांवों से आए महिला और पुरुष किसान घंटों लाइन में खड़े हैं, लेकिन कई महिलाओं को बिना खाद लिए ही वापस लौटना पड़ रहा है।

मुरैना की गल्ला मंडी इन दिनों खाद वितरण केंद्र से ज्यादा धरना स्थल जैसी दिखाई दे रही है। सैकड़ों किसान अपनी बारी का इंतजार करते हुए भजन-कीर्तन कर रहे हैं। मंडी का यह दृश्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

किसानों का आरोप है कि टोकन मिलने के बावजूद उन्हें तीन दिनों तक खाद नहीं मिल रही। कई किसान करीब 50 किलोमीटर दूर गांवों से मंडी पहुंच रहे हैं, लेकिन लंबी लाइन और अव्यवस्था के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है।

महिला किसानों ने बताया कि घंटों इंतजार करने के बाद भी खाद नहीं मिल रही। किसानों का आरोप है कि प्रभावशाली लोगों के संरक्षण में खाद का वितरण किया जा रहा है, जबकि आम किसान परेशान हो रहा है।किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि दोबारा टोकन निकलवाने के नाम पर ऑनलाइन संचालकों द्वारा 50-50 रुपये वसूले जा रहे हैं। वहीं, कुछ सोसायटी संचालकों पर निर्धारित कीमत से 2 रुपये प्रति बोरी अधिक वसूलने का भी आरोप लगाया गया है। किसानों ने प्रशासन से व्यवस्था सुधारने और पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने की मांग की है।