7 अगस्त से हर शुक्रवार सेक्टर मुख्यालयों पर पहुंचेगा प्रशासन, मौके पर होगी जनसुनवाई और समस्याओं का समाधान

कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने दिए सख्त निर्देश—खाद-बीज, सड़क, राशन और जनहित योजनाओं में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

मुरैना। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित टीएल बैठक में 7 अगस्त से शुरू होने वाले जनविश्वास अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को पूरी गंभीरता और जवाबदेही के साथ लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि हर शुक्रवार सेक्टर मुख्यालयों पर प्रशासन पहुंचेगा, जहां जनसंवाद, चौपाल और जनसुनवाई के माध्यम से लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा।

कलेक्टर ने बताया कि अब ब्लॉक स्तर पर जनसुनवाई आयोजित होगी, जिससे लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय नहीं आना पड़ेगा। अधिकारियों को अभियान से पहले पंचायतों का भ्रमण कर लोगों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने और समस्याओं का पूर्व आकलन करने के निर्देश दिए गए।बैठक में कलेक्टर ने लंबित राजस्व प्रकरणों का शीघ्र निराकरण, शासकीय भूमि पर अतिक्रमण रोकने, किसानों के लिए खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता, सड़क मरम्मत, जल निकासी, स्कूल और आंगनबाड़ी भवनों की मरम्मत, समय पर राशन वितरण तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लंबित मामलों का निपटारा करने के निर्देश भी दिए।

इसके अलावा आरटीई के प्रभावी क्रियान्वयन, नगर निगम को लीगेसी वेस्ट के निस्तारण, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, गौशालाओं में बिजली व्यवस्था, फार्मर आईडी निर्माण और शिक्षा, स्वास्थ्य व महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रमुख संकेतकों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि निर्देशों की अनदेखी या किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!