मुरैना में किसानों का हाईवे पर हंगामा, खाद और मूंग खरीदी की मांग को लेकर चक्काजाम

मुरैना जिले में खाद की कमी और मूंग खरीदी शुरू नहीं होने से नाराज किसानों का गुस्सा बुधवार को सड़क पर फूट पड़ा। भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष सतेंद्र तोमर के नेतृत्व में किसानों ने नेशनल हाईवे-44 पर चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालांकि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 10 मिनट के भीतर किसानों को समझाइश देकर हाईवे से हटाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो गया।

किसानों का आरोप है कि वे देर रात से सहकारी समितियों के बाहर खाद के लिए लाइन में लगे हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें खाद उपलब्ध नहीं हो रही। उनका कहना है कि जिला प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश के कई जिलों में मूंग खरीदी शुरू हो चुकी है, जबकि मुरैना में अब तक खरीदी प्रक्रिया शुरू नहीं होने से वे आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।

प्रदर्शन कर रहे किसानों ने कहा कि उन्होंने भारी लागत लगाकर मूंग की फसल तैयार की है, लेकिन समय पर खरीदी नहीं होने से उन्हें नुकसान उठाना पड़ सकता है। किसानों ने प्रशासन से तत्काल खरीदी शुरू कराने और पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की।

गौरतलब है कि दो दिन पहले भी भारतीय किसान यूनियन ने कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर धरना-प्रदर्शन कर अपनी मांगें उठाई थीं। किसानों का कहना है कि इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

error: Content is protected !!