पोरसा तहसील के गोपाल का पुरा के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण और पंचायत कार्यों की जांच की उठाई मांग
मुरैना। जिले की पोरसा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत कुरैठा के ग्राम गोपाल का पुरा के ग्रामीण मंगलवार को कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचे और गांव तक जाने वाली जर्जर सड़क के निर्माण की मांग को लेकर आवेदन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि बालकी पुरा की पुलिया से गोपाल का पुरा तक का सड़क मार्ग पूरी तरह बदहाल हो चुका है, जिससे रोजाना आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।

ग्रामीणों के अनुसार इसी मार्ग से स्कूली बच्चे, किसान और अन्य ग्रामीण प्रतिदिन आवागमन करते हैं। बरसात के दौरान सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। खराब सड़क के कारण एम्बुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती। गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं को खाट पर उठाकर मुख्य सड़क तक लाना पड़ता है। वहीं स्कूल बसों को भी गांव तक पहुंचने में दिक्कत होती है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

जनसुनवाई में पहुंचे ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि बालकी पुरा की पुलिया से गोपाल का पुरा तक सड़क का जल्द पक्कीकरण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और दुर्घटनाओं की आशंका खत्म हो। ग्रामीण महिला सरोज और ग्रामीण श्याम सिंह ने बताया कि गांव में लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

महिला सरपंच के पति पर लगाए आरोप
ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि पंचायत की निर्वाचित महिला सरपंच मुन्नी बाई क्षेत्र में नजर नहीं आतीं, जबकि पंचायत का संचालन उनके पति द्वारा किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत के विकास कार्य मनमाने ढंग से किए जा रहे हैं और सड़क, नालियों सहित अन्य आवश्यक निर्माण कार्यों की अनदेखी की जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क निर्माण के साथ-साथ पंचायत के कार्यों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

उचित कार्यवाही के निर्देश
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के अनुसार गोपाल पुरा कुरैठा पंचायत के ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को लेकर आवेदन दिया है उनके निवारण के लिए कार्यवाही हेतु जनपद सीओ को अवगत कराया गया है।