मुरैना। राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत मलेरिया निरोधक माह जून-2026 के अवसर पर सिविल अस्पताल जौरा से मलेरिया जन-जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पद्मेश उपाध्याय के निर्देशन एवं मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुभा माहेश्वरी के मार्गदर्शन में किया गया।जागरूकता रथ को डॉ. गोविंद पवार एवं डॉ. अमित चौधरी ने रवाना किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। यह रथ विकासखंड जौरा के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को मलेरिया से बचाव, रोकथाम और समय पर उपचार के प्रति जागरूक करेगा।रथ पर लगे लाउडस्पीकरों के माध्यम से मलेरिया नियंत्रण संबंधी संदेश प्रसारित किए जाएंगे, जबकि बैनर और पोस्टरों के जरिए बीमारी के लक्षण, बचाव के उपाय तथा जांच और उपचार की जानकारी दी जाएगी।डॉ. गोविंद पवार ने कहा कि घरों और आसपास जमा पानी मच्छरों के पनपने का मुख्य कारण है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बुखार आने पर इसे सामान्य न समझें, क्योंकि “हर बुखार मलेरिया हो सकता है”, इसलिए तत्काल जांच कराना जरूरी है।मलेरिया इंस्पेक्टर दीनदयाल शर्मा ने बताया कि जागरूकता रथ विशेष रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को मच्छरदानी के नियमित उपयोग, पानी जमा न होने देने तथा बुखार होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में निःशुल्क जांच और उपचार कराने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने नागरिकों से मलेरिया मुक्त जिला बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
