मध्य प्रदेश में बस यात्रा हुई महंगी, सरकार ने जारी की नई किराया दरें

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने प्रदेश में संचालित मंजिली बसों के यात्री किराये में संशोधन करते हुए नई अधिकतम किराया दरें लागू कर दी हैं।

परिवहन विभाग की ओर से जारी राजपत्र अधिसूचना के अनुसार अब सामान्य बसों का मूल किराया ₹2.00 प्रति यात्री प्रति किलोमीटर निर्धारित किया गया है, जबकि न्यूनतम किराया ₹10 रहेगा। नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएंगी।

परिवहन विभाग द्वारा जारी नई व्यवस्था के अनुसार बसों की विभिन्न श्रेणियों के लिए अधिकतम किराये में अलग-अलग वृद्धि की गई है। सामान्य किराये की तुलना में रात्रि बस सेवा पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त, डीलक्स (नॉन एसी) बसों पर 25 प्रतिशत, स्लीपर बसों पर 40 प्रतिशत, डीलक्स एसी बसों पर 50 प्रतिशत तथा सुपर लग्जरी एसी कोच पर 75 प्रतिशत तक अधिक किराया लिया जा सकेगा।

हालांकि सरकार ने यात्रियों को राहत देते हुए स्पष्ट किया है कि डीलक्स, स्लीपर और लग्जरी बसों में अलग से नाइट चार्ज नहीं लिया जाएगा। इसी तरह एक्सप्रेस बस सेवाओं पर भी कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं वसूला जाएगा। यानी इन श्रेणियों में निर्धारित किराये के अलावा यात्रियों पर अतिरिक्त भार नहीं डाला जाएगा।

गौरतलब है कि प्रदेश के निजी बस संचालक लंबे समय से बढ़ती डीजल कीमतों, मेंटेनेंस और परिचालन लागत का हवाला देते हुए किराया बढ़ाने की मांग कर रहे थे। हाल ही में बस ऑपरेटरों ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन और हड़ताल की चेतावनी भी दी थी। ऐसे में सरकार द्वारा नई किराया दरें जारी किए जाने को परिवहन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण फैसला माना जा रहा है।

नई अधिकतम किराया दरें एक नजर में:

सामान्य बस: ₹2.00 प्रति यात्री प्रति किलोमीटर

न्यूनतम टिकट: ₹10

रात्रि बस सेवा: 10% अतिरिक्त

डीलक्स (नॉन एसी): 25% अतिरिक्त

स्लीपर बस: 40% अतिरिक्त

डीलक्स (एसी): 50% अतिरिक्त

सुपर लग्जरी (एसी): 75% अतिरिक्त

डीलक्स, स्लीपर और लग्जरी बसों पर अलग से नाइट चार्ज नहीं

एक्सप्रेस बस सेवाओं पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं।

error: Content is protected !!