मुरैना। जिले के नगरा थाना क्षेत्र के भदावली गांव में मनरेगा में कथित भ्रष्टाचार की शिकायत के बाद विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि जनसुनवाई में शिकायत करने से नाराज सरपंच पति ने आधी रात को एक ग्रामीण के घर पर लाइसेंसी 12 बोर रायफल से फायरिंग कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, भदावली निवासी छिद्दी सिंह तोमर ने ग्राम पंचायत की सरपंच राखी तोमर पर मनरेगा में फर्जी जॉब कार्ड बनाकर तथा मृत लोगों के नाम पर भुगतान निकालकर सरकारी राशि के दुरुपयोग का आरोप लगाया था। पीड़ित का कहना है कि उसने मंगलवार को कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी।

आरोप है कि शिकायत से नाराज सरपंच पति भूपेंद्र सिंह तोमर देर रात पीड़ित के घर पहुंचा और अपनी लाइसेंसी 12 बोर रायफल से कई राउंड फायरिंग कर दी। घटना के समय घर में छिद्दी सिंह तोमर, उसके छोटे भाई की पत्नी प्रतिमा तोमर और बच्चे मौजूद थे।

अचानक गोलियों की आवाज से परिवार में अफरा-तफरी मच गई और सभी लोग सहम गए। ग्रामीणों के अनुसार, आधी रात हुई फायरिंग से पूरे गांव में दहशत फैल गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने नगरा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस का पक्ष
नगरा थाना प्रभारी एसआई सुखदेव सिंह चौहान ने बताया कि भदावली पंचायत के सरपंच पति भूपेंद्र सिंह तोमर द्वारा फरियादी पक्ष के घर पर फायरिंग किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।