दबंगई की इंतहा! बच्चों के खेल मैदान पर ट्रैक्टर चलाकर किया तहस-नहस

मुरैना। जिले के पोरसा क्षेत्र की तरसमा पंचायत में बच्चों के खेल मैदान को कथित रूप से ट्रैक्टर से जोतकर नष्ट करने का मामला सामने आया है। पंचायत सरपंच ने गांव के कुछ लोगों पर आपसी रंजिश के चलते खेल मैदान को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है, जिसने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, तरसमा पंचायत में पंचायत भवन और सामुदायिक भवन के पास बच्चों के खेलने के लिए एक खेल मैदान विकसित किया गया था। पंचायत सरपंच सत्यभान सिंह तोमर का आरोप है कि बुधवार रात करीब 8 बजे गांव के नकुल सिंह तोमर अपने बेटों के साथ ट्रैक्टर लेकर मैदान पहुंचे और पूरे मैदान पर ट्रैक्टर चला दिया।

आरोप है कि ट्रैक्टर चलने से मैदान पूरी तरह जोत दिया गया। इससे मैदान में लगी जालियां, पेड़-पौधे और अन्य व्यवस्थाएं क्षतिग्रस्त हो गईं। सरपंच का यह भी आरोप है कि आरोपी अब इस मैदान में सरसों की फसल बोने की धमकी दे रहे हैं।

घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि बच्चों के खेलने के लिए तैयार किए गए सार्वजनिक मैदान को नुकसान पहुंचाना गलत है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।सरपंच सत्यभान सिंह तोमर ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!