मुरैना। जिले के अंबाह कस्बे से गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। खजूरी रोड क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के दौरान भारतीय सेना में पदस्थ एक जवान ने कथित तौर पर अपनी पत्नी को गोली मार दी। गोली सिर में लगने से महिला की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 12:30 बजे की है। आरोपी सोहन सिंह सिंकरवार ने अपनी पत्नी रानी सिंकरवार (30) पर पिस्टल से फायर कर दिया। गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोपी उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन वहां छोड़कर फरार हो गया। अस्पताल के वार्ड बॉय ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान रानी सिंकरवार के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति सोहन सिंह सिंकरवार भारतीय सेना में जवान है। मामले में आरोपी पति के साथ-साथ ससुर नरोत्तम सिंकरवार और सास मुन्नी देवी के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।