मुरैना। जिले के जौरा थाना क्षेत्र स्थित पगारा डैम पर पिकनिक मनाने आए ग्वालियर निवासी एक युवक की डूबने से मौत हो गई। बुधवार शाम छह दोस्त स्कॉर्पियो वाहन से डैम घूमने पहुंचे थे। इनमें से चार युवक नहाने के लिए पानी में उतरे, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण हादसा हो गया। तीन युवक किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि 40 वर्षीय त्रिलोक गुप्ता पानी में डूब गया।

घटना की सूचना मिलते ही जौरा थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने करीब दो घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया और युवक के शव को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
जौरा थाना प्रभारी पंकज यादव ने बताया कि ग्वालियर से छह दोस्त पगारा डैम पिकनिक मनाने आए थे। चार लोग नहाने के लिए पानी में उतरे थे, जिनमें से तीन सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि एक युवक की डूबने से मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में डैम, नदी और जलाशयों में नहाने या गहरे पानी में जाने से बचें, क्योंकि तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण ऐसे हादसे हो सकते हैं।