मुरैना। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत (MY Bharat) केंद्र, मुरैना द्वारा “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान के तहत गर्ग सेवा सदन में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों और युवा संगठनों के करीब 200 युवाओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशा मुक्त समाज का संदेश दिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना और उनकी रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना था। जिला युवा अधिकारी आशुतोष साहू ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका है और नशा मुक्त युवा ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति हैं। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और समाज में भी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कविता वाचन, भाषण, चित्रकला, वाद-विवाद, नारा लेखन, समूह गायन, समूह नृत्य और नुक्कड़ नाटक सहित आठ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्परिणाम, स्वस्थ जीवनशैली और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि महापौर शारदा सोलंकी ने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश कुमार भार्गव (आईएएस) ने युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई और समाज को नशा मुक्त बनाने का संकल्प दिलाया।

प्रतियोगिताओं के प्रमुख परिणाम
कविता वाचन: अनन्या सिकरवार प्रथम, हरिओम सिंह द्वितीय, ईशा सोनी तृतीय।
चित्रकला: पूर्वी अग्रवाल प्रथम, प्रभात अमर द्वितीय, अंकेश तृतीय।वाद-विवाद: विपिन सिंह तोमर प्रथम, अमन भदौरिया द्वितीय, श्रद्धा परमार तृतीय।
नारा लेखन: संयोगिता प्रथम, रितिका द्वितीय, रोशनी तृतीय।नुक्कड़ नाटक: अमन भदौरिया ग्रुप (पोरसा) प्रथम, एलोवेरा ग्रुप (मुरैना) द्वितीय।
समूह गायन: पंकज शर्मा ग्रुप प्रथम, हरिओम सिंह ग्रुप द्वितीय।समूह नृत्य: राखी ग्रुप (पोरसा) प्रथम।
सभी विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन मनोज कुलश्रेष्ठ ने किया। इस अवसर पर लेखा अधिकारी दिलीप सुमन, रामविलास शर्मा, विकास पलिया, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।