नगर निगम की लापरवाही! खुले गड्ढे में गिरा मजदूर, कीचड़ में धंसा, बाल-बाल बची जान

मुरैना नगर निगम की लापरवाही एक बार फिर लोगों की जान पर भारी पड़ती नजर आई। शहर के सिग्नल बस्ती, वार्ड क्रमांक-22 में सड़क के बीचों-बीच खोदा गया गड्ढा कई दिनों बाद भी नहीं भरा गया। बारिश के कारण गड्ढा पानी और कीचड़ से भर गया है, जिससे क्षेत्र में लगातार हादसों का खतरा बना हुआ है।

बीती रात इसी गड्ढे में एक साइकिल सवार मजदूर गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मजदूर काम खत्म कर अपने घर लौट रहा था, तभी उसकी साइकिल अनियंत्रित होकर खुले गड्ढे में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि मजदूर सिर तक कीचड़ में धंस गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत दौड़कर उसे बाहर निकाला, जिससे उसकी जान बच सकी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम ने कुछ दिन पहले सड़क पर गड्ढा खोदा था, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद भी उसे भरने की जहमत नहीं उठाई। लगातार हो रही बारिश के कारण गड्ढा दिखाई भी नहीं देता, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए यह जानलेवा साबित हो सकता है।

रहवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि गड्ढे को तत्काल भरवाया जाए और सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

error: Content is protected !!