मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की शुरुआत, झुंडपुरा शिविर में 160 आवेदन, अधिकांश का मौके पर समाधान

मुरैना । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर शुरू हुए मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत शुक्रवार को नगर पंचायत झुंडपुरा स्थित सीएम राइज शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जनसंवाद एवं समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया।
शिविर में खनिज संसाधन विभाग के प्रधान सचिव विवेक पोरवाल, चंबल संभाग आयुक्त सुरेश कुमार, कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना, जिला पंचायत सीईओ कमलेश कुमार भार्गव, एसडीएम मेघा तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


अभियान के तहत शिविर में करीब 160 आवेदन प्राप्त हुए। अधिकांश आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को सात दिन के भीतर निपटाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने अधिकारियों को राजस्व, पेंशन, पेयजल, शौचालय, जलभराव और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल आवेदन लेना नहीं, बल्कि प्रत्येक आवेदक को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराना है।


शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य परीक्षण कर आयुष्मान कार्ड वितरित किए, जबकि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित अन्य विभागों ने भी विभिन्न योजनाओं का लाभ एवं जानकारी प्रदान की।
इस दौरान ग्राम कढ़ावना की मनीषा गुर्जर को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश मौके पर ही दिए गए। वहीं झुंडपुरा निवासी दिव्यांग सुनील शर्मा के स्वरोजगार ऋण एवं दिव्यांगता प्रमाण-पत्र की प्रक्रिया भी प्राथमिकता से पूरी कराने के निर्देश कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को दिए।


कलेक्टर ने नगर परिषद झुंडपुरा को पेयजल, स्वच्छता, जलभराव एवं अन्य नगरीय समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक आवेदन का निराकरण आवेदक की संतुष्टि के साथ किया जाए।

error: Content is protected !!