मुरैना। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली भव्य तिरंगा यात्रा की तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से पहल परिवार, मुरैना द्वारा होटल धर्म-इन में सर्वदलीय एवं सामाजिक संगठनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, व्यावसायिक एवं शैक्षणिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और यात्रा को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए पहल परिवार के अध्यक्ष डॉ. विवेक राठी एवं अमित जैन ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, सामाजिक एकता और जनसहभागिता का प्रतीक है। उन्होंने सभी संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने की अपील की।बैठक में निर्णय लिया गया कि तिरंगा यात्रा शहीद संग्रहालय से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए स्टेशन रोड पर सम्पन्न होगी। यात्रा के शुभारंभ से पूर्व शहीद संग्रहालय परिसर में सभी सामाजिक संगठनों की उपस्थिति में सामूहिक ध्वजारोहण एवं झंडा वंदन किया जाएगा।

इसके अलावा यात्रा के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर प्रतिभागियों का स्वागत किया जाएगा, जिससे पूरे शहर में राष्ट्रभक्ति और उत्साह का माहौल बनेगा। बैठक में रोटरी क्लब मुरैना, भारत विकास परिषद, विभिन्न लायंस क्लब, रोटरी क्लब चम्बल, रोटरी क्लब रॉयल्स, सैनिक कल्याण बोर्ड, एम.आर. एसोसिएशन, अभ्युदय आश्रम, विश्व हिन्दू परिषद, इनर व्हील क्लब, नगर निगम मुरैना, सक्सेस मंत्र अकादमी, कॉमर्स क्लासेज, पत्रकार साथी सहित अनेक सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे।बैठक के अंत में समाजसेविका एडवोकेट आशा सिकरवार ने सभी अतिथियों एवं संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए तिरंगा यात्रा को सफल बनाने में सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

जन-जन से अपील
पहल परिवार ने शहर के सभी नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं सामाजिक संगठनों से 15 अगस्त को आयोजित होने वाली इस भव्य तिरंगा यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है, ताकि राष्ट्रप्रेम, एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश पूरे शहर में प्रसारित हो सके।