मुरैना। ग्वालियर में ट्रक के टायर फोड़ने की वारदात के बाद 60 हजार रुपये का इनामी बदमाश कल्ली गुर्जर एक बार फिर पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। हत्या, लूट, डकैती और अपहरण जैसे गंभीर मामलों में वांछित कल्ली की तलाश में मुरैना और ग्वालियर पुलिस की टीमें जौरा-पहाड़गढ़ के जंगलों में लगातार सर्चिंग अभियान चला रही हैं। हालांकि, अब तक वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

जानकारी के अनुसार, सरायछोला थाना क्षेत्र के बरवासिन गांव निवासी कल्ली गुर्जर के खिलाफ मुरैना और ग्वालियर जिलों में कई संगीन अपराध दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर दोनों जिलों की पुलिस ने कुल 60 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। हाल ही में ग्वालियर में ट्रक के टायर फोड़ने की घटना के बाद उसकी मौजूदगी जौरा-पहाड़गढ़ क्षेत्र के जंगलों में होने की सूचना मिली थी। करीब तीन दिन पहले निरार थाना क्षेत्र के तोर गांव के जंगल में उसकी लोकेशन मिलने पर ग्वालियर पुलिस, पहाड़गढ़ थाना और निरार थाना पुलिस ने संयुक्त दबिश दी, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने तोर गांव में उसके कुछ रिश्तेदारों से पूछताछ की है। वहीं करह धाम आश्रम से उसके एक समधी को भी पूछताछ के लिए साथ ले जाने की जानकारी सामने आई है। माना जा रहा है कि पुलिस अब उसके करीबियों के जरिए इनामी बदमाश तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

एसडीओपी सबलगढ़ उमेश मिश्रा ने बताया कि तीन दिन पहले ग्वालियर पुलिस इनामी बदमाश की तलाश में पहाड़गढ़ आई थी। तोर गांव के जंगल में उसकी लोकेशन मिली थी, लेकिन दबिश के दौरान वह नहीं मिला। ग्वालियर पुलिस कुछ रिश्तेदारों को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। इसके बाद से उसकी सटीक लोकेशन नहीं मिल पाई है। फिलहाल जौरा, पहाड़गढ़, बानमोर और ग्वालियर पुलिस की टीमें लगातार जंगलों में सर्चिंग अभियान चला रही हैं। समाचार लिखे जाने तक 60 हजार रुपये का इनामी बदमाश कल्ली गुर्जर पुलिस की पकड़ से बाहर है।