मुरैना। खाद की किल्लत और सोसायटी की कथित मनमानी से परेशान किसानों का सोमवार सुबह गुस्सा फूट पड़ा। खाद लेने के लिए रात 3 बजे से लाइन में लगे किसानों ने सुबह करीब 9:30 बजे तक सोसायटी नहीं खुलने पर कृषि उपज मंडी के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। किसानों ने जमकर नारेबाजी की और साफ चेतावनी दी कि जब तक खाद नहीं मिलेगी, तब तक मंडी का गेट नहीं खोला जाएगा।

किसानों का आरोप है कि सोसायटी संचालकों की ओर से बंद रहने की कोई अग्रिम सूचना नहीं दी जाती। 15 अगस्त के चलते पिछले तीन दिनों से सोसायटी बंद थी, जिसके कारण किसान खाद के लिए रात से ही लाइन लगाकर इंतजार करते रहे। सुबह साढ़े 9 बजे तक भी कर्मचारियों के नहीं पहुंचने पर किसानों का सब्र जवाब दे गया।

मंडी का गेट बंद होने से दूसरे किसान भी परेशान
किसानों के प्रदर्शन के कारण मंडी का मुख्य गेट बंद हो गया। इससे अपनी फसल बेचने पहुंचे अन्य किसानों की परेशानी भी बढ़ गई। रास्ता बंद होने के कारण कई किसान अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लेकर बिना फसल बेचे ही वापस लौटने को मजबूर हुए।

मौके पर पहुंची पुलिस, अधिकारी का इंतजार
हंगामे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि खबर लिखे जाने तक कोई जिम्मेदार अधिकारी किसानों के बीच नहीं पहुंचा था।फिलहाल खाद की मांग को लेकर किसानों की तालाबंदी से मंडी में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

किसानों का कहना है कि जब तक उन्हें खाद उपलब्ध नहीं कराई जाती, तब तक मंडी का गेट नहीं खोला जाएगा। अब प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद ही स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।