मुरैना/ जौरा शहर से एक चिंताजनक मामला सामने आया है। 15 अगस्त के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से स्कूल जाने निकलीं चार छात्राएं देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। चारों छात्राएं आपस में सहेलियां होने के साथ रिश्तेदार भी बताई जा रही हैं। परिजनों की सूचना के बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

मामला जौरा शहर के वार्ड क्रमांक 11 स्थित अलख मंदिर के पास का बताया जा रहा है। यहां रहने वाली चारों छात्राएं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गढ़ी में अध्ययनरत हैं। इनमें दो छात्राएं कक्षा 9वीं और दो छात्राएं कक्षा 11वीं की हैं। बताया गया है कि चारों छात्राएं 15 अगस्त के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए 15 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे घर से स्कूल के लिए निकली थीं। लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रात करीब 8 बजे परिजनों ने जौरा थाने पहुंचकर छात्राओं के लापता होने की सूचना दी।

मुरैना बस स्टैंड तक मिली लोकेशन
चार छात्राओं के एक साथ लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी। एसपी के निर्देश पर चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने जौरा शहर में पेट्रोलिंग के साथ पगारा डैम, मुरैना बस स्टैंड और ग्वालियर में भी संभावित स्थानों पर तलाश की। पुलिस जांच में छात्राओं की लोकेशन मुरैना बस स्टैंड तक मिलने की जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार छात्राएं जौरा से बस के जरिए मुरैना पहुंची थीं। इसके बाद उनका संभावित रूट स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस अब बस और ट्रेन मार्गों के आधार पर ग्वालियर, आगरा और मथुरा सहित अन्य संभावित स्थानों पर तलाश कर रही है।

सीसीटीवी और परिचितों से पूछताछ
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही छात्राओं के दोस्तों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा कुछ युवकों से पूछताछ किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
एसडीओपी एनआरएस बघेल ने बताया कि चारों छात्राएं 15 अगस्त के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से स्कूल जाने निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। उनकी तलाश के लिए चार पुलिस पार्टियां लगातार काम कर रही हैं। मुरैना बस स्टैंड तक उनकी लोकेशन मिली है और आगे के संभावित रूट पर पुलिस टीमें तलाश कर रही हैं।