मुरैना में बेखौफ बदमाश! शिकायत करने वाले दुकानदार पर जानलेवा हमला

मुरैना। झगड़े की शिकायत थाने में करना एक दुकानदार को महंगा पड़ गया। शिकायत से नाराज आरोपी द्वारा दुकानदार पर गोली चलाने का मामला सामने आया है। गोली के छर्रे सिर में लगने से दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

विवाद के बाद थाने में की थी शिकायत

शहर के गुफा मंदिर के पीछे फैशन पॉइंट नाम से कपड़ों की दुकान संचालित करने वाले राहुल जादौन का कुछ दिन पहले शुभम पांडे नामक युवक से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि राहुल ने विवाद को लेकर थाने में शिकायत की थी। आरोप है कि इसी शिकायत से नाराज होकर आरोपी ने राहुल को निशाना बनाया।

दुकान बंद कर घर जाते समय चलाई गोली

बताया जा रहा है कि मंगलवार रात राहुल दुकान बंद कर घर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में शुभम पांडे ओर इरफान खान ने कथित तौर पर राहुल पर गोली चला दी। गोली के छर्रे सिर में लगने से राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।घायल राहुल को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया।

पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों और गोली चलाने की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।

error: Content is protected !!